Site icon Dainik Savera Times

श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर न खोलकर केंद्र सरकार सिखों की भावनाओं को आहत कर रही: MLA मनविंदर सिंह

लुधियाना: पायल विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक इंजीनियर मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने केंद्र सरकार द्वारा श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर नहीं खोले जाने के फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं के विपरीत बताया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अपने इस फैसले पर पुनर्विचार करते हुए तुरंत श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलना चाहिए, ताकि देश-विदेश में रहने वाली सिख संगत अपने पवित्र धार्मिक स्थल के दर्शन कर सके। देश के विभाजन के बाद सिखों के अनेक ऐतिहासिक गुरुधाम सीमा के दूसरी ओर रह गए, लेकिन आज तक केंद्र की सरकारों ने ऐसा कोई ठोस प्रयास नहीं किया जिससे सिख समुदाय अपने इन पवित्र स्थलों के दर्शन आसानी से कर सके। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में रहने वाले सिख प्रतिदिन अरदास करते हैं कि उन्हें अपने गुरुधामों के दर्शन का सौभाग्य मिले, लेकिन सरकारें इस मुद्दे पर भी राजनीति कर रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार शुरू से ही पंजाब और सिखों के हितों के प्रति संवेदनशील नहीं रही। उनका कहना था कि धार्मिक मामलों को राजनीति से ऊपर रखकर केंद्र सरकार को सिखों की भावनाओं का सम्मान करते हुए श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।इसके अलावा विधायक ग्यासपुरा ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के उस बयान का भी करारा जवाब दिया, जिसमें राजा वडिंग ने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी के 40 से 45 विधायक पार्टी छोड़ देंगे।

ग्यासपुरा ने कहा कि राजा वड़िंग को पहले अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। वड़िंग पहले कांग्रेस को संभाल लें, उसके बाद दूसरी पार्टियों पर टिप्पणी करें। राजा वड़िंग के पास अपने दस पार्षद भी नहीं हैं और वे आम आदमी पार्टी के विधायकों की बात कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता आपस में ही एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हैं। चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वड़िंग के बीच चल रही खींचतान सबके सामने है, जबकि प्रताप सिंह बाजवा भी नेतृत्व की दौड़ में लगे हुए हैं। इन्हें आम जनता की कोई चिंता नहीं है। कांग्रेस को दूसरी पार्टियों पर बयान देने की बजाय पहले अपने अंदरूनी विवाद सुलझाने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह बिखर चुकी है और आने वाले समय में उसकी स्थिति और कमजोर होगी। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि समय ऐसा आएगा जब लोग कहेंगे, “कभी कांग्रेस नाम की भी एक पार्टी हुआ करती थी।”

📍 Location: लुधियाना पायल (लुधियाना)

Exit mobile version