Site icon Dainik Savera Times

कैबिनेट मंत्री के परिवार ने हलका निवासियों के साथ मनाई तीज

Cabinet Minister celebrates Teej : अमृतसर। ऐतिहासिक जंडियाला गुरु में पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के परिवार की ओर से तीज के अवसर पर भव्य ‘रौनक त्रिंजण की’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

तीज उत्सव में झलकी पंजाबी संस्कृति

जंडियाला गुरु स्थित जय रिजॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कैबिनेट मंत्री की माता श्रीमती सुरिंदर कौर, धर्मपत्नी श्रीमती सुहिंदर कौर तथा उनकी पुत्री का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर प्रसिद्ध पंजाबी लोक गायिका ग्लोरी बावा ने अपने लोकगीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से तीज के उत्सव को और भी रंगीन बना दिया। उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने समस्त पंजाबवासियों, विशेषकर माताओं, बहनों और बेटियों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। पंजाब की संस्कृति हमारी पहचान है तथा ऐसे पारंपरिक त्योहारों का संरक्षण एवं संवर्धन करना समय की आवश्यकता है।

40 लाख महिलाओं को सम्मान राशि

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने आज एक बार फिर मुख्यमंत्री मां-बेटी सम्मान योजना के तहत प्रदेश की 18 वर्ष से अधिक आयु की लगभग 40 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि हस्तांतरित की है। इस योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये प्रदान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले 1 जुलाई को भी 32 लाख महिलाओं के खातों में इस योजना के तहत राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है और भविष्य में भी यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।

Exit mobile version