मलोट/श्री मुक्तसर साहिब: पंजाब की सामाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज मलोट विधानसभा क्षेत्र के गांव छिब्बरवाली में सड़कों के नवीनीकरण के लिए 1.5 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने मलोट शहर के वार्ड नंबर 11 और 12 में 10 लाख रुपये की लागत से संयुक्त धर्मशाला के नवीनीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री और मलोट विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब की तरह मलोट विधानसभा क्षेत्र में भी किसी भी विकास कार्य के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और हर परियोजना को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार लोगों की अपनी सरकार है और लोगों का एक-एक पैसा लोगों की भलाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार भ्रष्टाचार से गंभीरता से निपट रही है और किसी भी कीमत पर सरकार या लोगों से पैसे ऐंठने की इजाजत नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी तरह लोगों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए उनकी सरकार बड़े पैमाने पर जनहितैषी फैसले ले रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकारी विभागों में सुधारों के साथ-साथ उनकी सरकार सामाजिक सुधारों के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे के पूर्ण उन्मूलन के लिए ‘नशे के विरुद्ध युद्ध’ छेड़ा हुआ है, जिसके अंतर्गत न केवल नशा तस्करों से सख्ती से निपटा जा रहा है, बल्कि नशे की लत से पीड़ित मरीजों के समुचित इलाज और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए भी प्रबंध किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर परमजीत गिल (कार्यालय प्रभारी), शहरी अध्यक्ष गगन औलख, हरमेल संधू एमसी, जसदेव संधू एमसी, गुरुमीत सिंह चिंटू विरदी, सुरजीत मेहंदी, सरपंच गुरबाज सेखो, निजी सचिव अर्शदीप सिंह सिद्धू, निजी सचिव सिंदरपाल के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्र के निवासी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें- बादशाह के ‘टटीरी’ सॉन्ग पर हरियाणा पुलिस सख्त, सोशल मीडिया पर गाने से जुड़े 857 लिंक हटाए

