Site icon Dainik Savera Times

कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने फकरसर में 4.50 करोड़ की लागत से बनने वाले बिजली ग्रिड का रखा नींव पत्थर

श्री मुक्तसर साहिब: सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने गांव फकरसर में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले 66 केवी सब-स्टेशन का नींव पत्थर रखा। इस बिजली ग्रिड के निर्माण से आसपास के गांवों में बिजली की समस्या दूर होने की उम्मीद है।

15 से 20 गांवों को मिलेगा लाभ

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नए ग्रिड से फकरसर-थेहड़ी के अलावा आसपास के करीब 15 से 20 गांवों को बिजली की बेहतर और पूरी सप्लाई उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) द्वारा 66 केवी सब-स्टेशन का निर्माण करीब चार से पांच महीनों में पूरा किया जाएगा।

लो-वोल्टेज और हाई-वोल्टेज की समस्या होगी दूर

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सब-स्टेशन के तैयार होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बिजली की कम और अधिक वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत होगी तथा लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

मलोट में विकास कार्यों को गति

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मलोट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही मलोट में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से हेरिटेज स्ट्रीट का निर्माण कार्य भी शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस मौके पर जिला प्रधान जशन बराड़, चेयरमैन जगदेव सिंह बाम, जिला परिषद सदस्य कुलविंदर सिंह बराड़, डायरेक्टर इंदरपाल सिंह, चीफ एच.एस. बिंदरा, बिजली बोर्ड पंजाब के अधिकारियों सहित एक्सईएन दलवीर सिंह, एक्सईएन मनदीप सिंह, फकरसर के सरपंच मनप्रीत सिंह ढिल्लों, पीए अर्श सिद्धू, पीए शिंदरपाल सिंह और बड़ी संख्या में गांववासी मौजूद रहे।

📍 Location: Shri muktsar sahib (Shri muktsar sahib)

Exit mobile version