Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने दशमेश नगर में खेल मैदान का किया उद्घाटन

August 25, 2026

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने दशमेश नगर में खेल मैदान का किया उद्घाटन

अमृतसर: पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाने और गांवों में खेल सुविधाओं का स्तर ऊंचा उठाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव दशमेश नगर में तैयार किए गए आधुनिक खेल मैदान का उद्घाटन पंजाब के कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने किया।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यह खेल मैदान पंजाब सरकार द्वारा 38.95 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस परियोजना के तहत गांव के युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। खेल मैदान में चेन-लिंक फेंसिंग, सबमर्सिबल बोर, वॉलीबॉल कोर्ट, गेट, आरसीसी बेंच, पेवर वर्क, बोलार्ड लाइटें, हाई-मास्ट लाइटें, स्पोर्ट्स किटें और उच्च गुणवत्ता वाले ब्लॉक आदि सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य गांव स्तर पर युवाओं को बेहतर खेल बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाना है, ताकि वे खेलों में अपनी प्रतिभा को निखार सकें। खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें नशे से दूर रखने में भी सहायक होते हैं। गांव दशमेश नगर में बनाया गया यह खेल मैदान क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बेहतर मंच साबित होगा। इससे गांव के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा गांवों में 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है और पहले चरण में 255 खेल मैदानों का उद्घाटन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि खेल मैदानों के निर्माण के लिए पंजाब सरकार द्वारा लगभग 1,500 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जिसमें सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्राउंडों के विकास और खेल उपकरण शामिल हैं। इन ग्रामीण खेल मैदानों में फुटबॉल और वॉलीबॉल पोल/गोलपोस्ट, खेल सामग्री तथा बच्चों के लिए झूले, लोहे की स्लाइड और सी-सॉ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा 3,000 ग्रामीण खेल मैदानों के लिए फुटबॉल शूटिंग मैट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिसके तहत प्रत्येक खेल मैदान के लिए 36 जोड़ी फुटबॉल शूटिंग मैट दिए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं को क्रिकेट किटें भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

स. हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल खेल मैदान बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं, खेल सामग्री और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल सुविधाओं के विस्तार और खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा विकास कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ द्वारा युवाओं को खेल किटें भी वितरित की गईं।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें