जालंधर: पंजाब सरकार की छात्र हितैषी योजनाओं के तहत गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल आबादपुरा में छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में पंजाब के हॉर्टिकल्चर, फ्रीडम फाइटर्स और डिफेंस सर्विसेज वेलफेयर मंत्री मोहिंदर भगत ने कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को बैग बांटे।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने स्कूल के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 30 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
मंत्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य के सरकारी स्कूलों में कई बड़े बदलाव हुए हैं। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक सुविधाओं और शिक्षकों की ट्रेनिंग के जरिए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्कूल बैग वितरण अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ को कम करना है। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ शिक्षा हासिल करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
इस अवसर पर मंत्री ने स्कूल को आरओ सिस्टम और सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन भी भेंट की, ताकि छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल की प्रिंसिपल सोनिया धवन ने मंत्री मोहिंदर भगत का स्वागत किया और स्कूल के विकास के लिए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
इस मौके पर संजीव भगत, आम आदमी पार्टी के नेता गुरनाम सिंह, रणजीत कुमार, सरबजीत कौर, गुरदर्शन सहित स्कूल स्टाफ के सदस्य प्रवीण बाला, गुरप्रीत सिंह, तृप्ता भाटिया, सरोज बाला और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

