Site icon Dainik Savera Times

कैबिनेट मंत्री सौंद ने खन्ना-भादला रोड के नवीनीकरण कार्यों का लिया जायजा

खन्ना : पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत, श्रम, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले तथा बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने आज खन्ना-भादला रोड पर चल रहे विकास कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को काम की गुणवत्ता बनाए रखने तथा परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि खन्ना-भादला रोड के नवीनीकरण पर करीब 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत आ रही है।

सड़क को मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए एक फुट गहरा डबल-लेयर बेड तैयार किया जा रहा है। इसके ऊपर 100 एमएम मोटाई वाली मजबूत इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से तैयार की जा रही यह सड़क भारी वाहनों की आवाजाही के लिए भी सुविधाजनक और टिकाऊ साबित होगी। सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के शहरों और गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

सड़कों के बेहतर होने से आम लोगों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और भारी वाहनों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। कैबिनेट मंत्री सौंद ने इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने और पूर्ण सहयोग देने के लिए विधानसभा हलका अमलोह के विधायक गुरविंदर सिंह (गैरी वड़िंग) का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन द्वारा मिलकर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक गुरविंदर सिंह (गैरी वड़िंग), मंडी गोबिंदगढ़ नगर कौंसिल के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह प्रिंस, खन्ना नगर कौंसिल के अध्यक्ष जितेंद्र पाठक, क्षेत्र के उद्योगपति, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क के नवीनीकरण के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी तथा विकास को नई गति मिलेगी।

Exit mobile version