Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकाली दल की बीसी विंग बैठक, गाबड़िया ने चुनाव से पहले एकजुटता पर जोर

October 22, 2026

अकाली दल की बीसी विंग बैठक, गाबड़िया ने चुनाव से पहले एकजुटता पर जोर
 
Calls for BC Community Support Ahead of Punjab Polls : मोगा। शिरोमणि अकाली दल के बीसी विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह गाबड़िया ने कहा कि पंजाब को मौजूदा संकट से बाहर निकालने और प्रदेश को दोबारा विकास की राह पर लाने के लिए बीसी समुदाय सहित सभी वर्गों को शिरोमणि अकाली दल का साथ देना होगा।

उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में नशे की समस्या, युवाओं के भविष्य और आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनावों में अकाली दल को मजबूत करना समय की जरूरत है। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बीसी विंग को मजबूत और सक्रिय करने के उद्देश्य से हीरा सिंह गाबड़िया ने वीरवार को मोगा में विधानसभा हलका इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल के नेतृत्व में बीसी समुदाय के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक की। बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण यह बैठक एक रैली का रूप धारण कर गई।

बैठक के दौरान संजीत सिंह सन्नी गिल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरा सिंह गाबड़िया का स्वागत करते हुए कहा कि बीसी समुदाय का पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी तकनीकी दक्षता एवं मेहनत के दम पर महत्वपूर्ण योगदान है। इस समुदाय ने हमेशा शिरोमणि अकाली दल का साथ दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल ने अपने शासनकाल के दौरान बीसी समुदाय और इससे जुड़ी विभिन्न श्रेणियों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया तथा उन्हें पार्टी और सरकार में उचित मान-सम्मान दिया।

उन्होंने कहा कि अकाली दल को बीसी समुदाय के योगदान पर गर्व है। आप सरकार के कार्यकाल में पंजाब की स्थिति चिंताजनक : गाबड़िया हीरा सिंह गाबड़िया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पंजाब की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। उनके अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गिरावट देखने को मिल रही है और नशे की समस्या युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और इसे सरकार की विफलता करार दिया।

उन्होंने कहा कि पंजाब को बचाने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर शिरोमणि अकाली दल का समर्थन करना चाहिए, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की सरकार बनाकर प्रदेश को दोबारा विकास की राह पर लाया जा सके। उन्होंने बीसी समुदाय की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि इस समुदाय ने कठिन परिस्थितियों में भी अकाली दल का साथ दिया है और आने वाले समय में भी पार्टी को उसके सहयोग की जरूरत है। इस दौरान बीसी विंग के जिला प्रधान चरणजीत सिंह झंडेआणा और शिरोमणि अकाली दल के जिला देहाती प्रधान निहाल सिंह तलवंडी भंगेरियां ने विश्वास दिलाया कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को मजबूत करने और अकाली दल की सरकार बनाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में चरणजीत सिंह झंडेआणा ने बैठक में पहुंचे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। इस अवसर पर बीसी विंग के जिला प्रधान चरणजीत सिंह झंडेआणा, शहरी प्रधान सुखचैन सिंह रामूवालिया, बूटा सिंह दौलतपुरा, संरक्षक जोगिंदर सिंह लुहाम, विश्वकर्मा भवन के प्रधान हरमेल सिंह डरोली, महिंदर सिंह कलसी, परमजोत सिंह खालसा, गुरनाम सिंह लवली सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें