Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

बठिंडा में वोटर लिस्ट सुधारने के लिए लगा विशेष कैंप,ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलेगी सुविधा

November 23, 2026

बठिंडा में वोटर लिस्ट सुधारने के लिए लगा विशेष कैंप,ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलेगी सुविधा

पंजाब डेस्क: बठिंडा जिले में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के निर्देशों पर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत कैंप लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बताया कि इन कैंपों में नए वोटर का नाम दर्ज करवाने, अपात्र या मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और मौजूदा जानकारी में सुधार करवाने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।

नए वोटरों के लिए फॉर्म-6 की सुविधा

1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक वोटर लिस्ट में नाम शामिल करवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 भर सकते हैं। जिन युवाओं का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7

मतदाता सूची में दर्ज मृत या अपात्र व्यक्तियों के नाम हटवाने और किसी नाम पर आपत्ति दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

जानकारी बदलने के लिए फॉर्म-8

नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन, निवास स्थान बदलने तथा मतदाता पहचान पत्र (EPIC) से जुड़ी सेवाओं के लिए फॉर्म नंबर 8 उपलब्ध करवाया गया है।

ये भी पढ़ें…

प्रशासन ने की मतदाताओं से अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। मतदाता अपने संबंधित BLO से संपर्क कर निर्धारित समय में आवेदन जमा करवा सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें