पंजाब डेस्क: मोगा जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह बाघापुराना के गांव संगतपुरा के पास घनी धुंध के कारण हुई। जानकारी के अनुसार, मोगा में स्कूल टीचर के रूप में कार्यरत दंपती, कमलजीत कौर और जसकरण सिंह, चुनावी ड्यूटी पर जा रहे थे जब उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।
चुनावी ड्यूटी पर जा रहे थे दंपती
जानकारी के अनुसार, आज पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के मतदान के लिए कमलजीत कौर को गांव संगतपुरा के पोलिंग बूथ पर ड्यूटी लगाई गई थी। सुबह जसकरण सिंह पत्नी को ड्यूटी पर छोड़ने के लिए कार में बैठकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में घनी धुंध के कारण वाहन नियंत्रण खो बैठा और नहर में जा गिरा। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों पति-पत्नी मोगा में स्कूल टीचर थे
जसकरण सिंह जिला मानसा के रहने वाले थे और पत्नी कमलजीत कौर के साथ मोगा में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। जसकरण सिंह अंग्रेजी शिक्षक थे। इस हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: Zila Parishad-Block Samiti Election Live: बरनाला में मचा हंगामा, बैलेट पेपर से गायब निकला चुनाव चिन्ह
हादसे से इलाके में शोक की लहर
दंपती के निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और सहयोगियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है और स्थानीय प्रशासन मृतकों के परिजनों को सहानुभूति प्रदान कर रहा है।