Car collision; Bikaner Sweets owner critically injured. : जालंधर। मॉडल हाउस स्थित माता रानी चौक के पास मंगलवार सुबह इनोवा और किआ कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई इनोवा दुकान के बाहर खड़े बीकानेर स्वीट्स के मालिक अक्खी सिंह से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने हादसे के लिए इनोवा चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अक्खी सिंह के बेटे पंकज ने बताया कि उनके पिता सुबह दुकान की बेसमेंट से बाहर आए थे और दुकान पर दूध उतरवा रहे थे। इसी दौरान इनोवा और किआ कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद इनोवा अनियंत्रित होकर दुकान के बाहर खड़े अक्खी सिंह से जा टकराई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।पंकज का आरोप है कि हादसा इनोवा चालक की गलती से हुआ। परिवार का दावा है कि इनोवा को इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन का ड्राइवर चला रहा था। हादसे के बाद कार के अंदर ड्राइवर की वर्दी भी मिली, जबकि कार पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट का झंडा लगा हुआ था।
परिवार के अनुसार बाद में कार से झंडा उतार दिया गया। परिवार ने बताया कि हादसे की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि उनके बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

