लुधियाना: बाड़ेवाल रोड स्थित ओरिसन अस्पताल में दो मृतक महिलाओं मोगा की जसबीर कौर व टैगोर नगर लुधियाना की मंजू दीवान के शव बदले जाने को लेकर थाना सराभा नगर की पुलिस ने अस्पताल एडमिनिस्ट्रेशन व स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस की एक टीम जांच करने के लिए सिविल लाइन श्मशानघाट भी पहुंची। उन्होंने श्मशानघाट में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए। पुलिस टीम वह सीसीटीवी फुटेज अपने साथ ले गई है, जब शनिवार को मंजू दीवान के परिजन जसबीर कौर का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए सिविल लाइन श्मशानघाट पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस शव के संस्कार से संबंधित श्मशान का रिकार्ड भी चैक किया है। उधर, मृतक जसबीर कौर की अस्थियां फिलहाल प्रवाहित नहीं हो पाई हैं। परिवार का कहना था कि वह कैसे यकीन कर लें कि यह अस्थियां जसबीर कौर की हैं। इसके लिए परिवार ने डीएनए प्रोफाइलिंग टैस्ट की मांग की थी। परिवार की मांग पर पुलिस ने डीएनए टैस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रघुनाथ पुलिस चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार का कहना है कि मृतक महिला की अस्थियां पुलिस की कस्टडी में हैं। इनका डीएनए टैस्ट करवाने की प्रक्रिया चल रही है। परिवार को डीएनए के लिए अपना सैंपल देने के लिए सूचित किया जाएगा।

