Site icon Dainik Savera Times

तलवंडी खुर्द डेरे में बाबा की अश्लील वीडियो का मामला; शंकरानंद के खिलाफ मामला दर्ज, सिख जत्थेबंदियों ने भी खोला मोर्चा

जगराओं Talwandi Khurd Dera: मुल्लांपुर के गांव तलवंडी खुर्द में स्थित डेरा भूरी वाले के मुखी बाबा शंकरानंद की अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद माहौल गरमाया हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद सिख संगठनों व जत्थेबंदियों ने शंकरानंद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को सत्कार कमेटी की अगुवाई में कई सिख जत्थेबंदियों की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें बाबा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। जत्थेबंदियों ने एसएसपी जगराओं डॉ. अंकुर गुप्ता को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की गहन जांच की मांग की। सत्कार कमेटी के जसप्रीत सिंह ढोलन ने बताया कि बाबा शंकरानंद और उसके डेरे की पूरी जांच करवाई जाएगी क्योंकि इससे पहले भी बाबा विवादों में घिर चुका है। कभी किसी महिला के साथ मारपीट तो कभी एक मंदबुद्धि लड़की के आधी रात को डेरे से फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

एसएसपी अंकुर गुप्ता ने जानकारी दी कि थाना दाखा में एक व्यक्ति की शिकायत पर बाबा के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने का केस दर्ज कर लिया गया है। वीडियो में दिख रही महिला स्थानीय क्षेत्र की बताई जा रही है। जत्थेबंदियों ने मांग की है कि पुलिस महिला से पूछताछ करे कि क्या उसे धमकाया गया या ब्लैकमेल किया गया। सूत्रों के अनुसार वीडियो डेरे में आने-जाने वाले किसी व्यक्ति ने चोरी-छिपे बनाई और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वहीं, बाबा के समर्थकों ने वीडियो को वायरल होने से रोकने का प्रयास किया लेकिन मामला अब तूल पकड़ चुका है।

गौरतलब है कि हरियाणा के डेरे के मुखी स्वामी दया सागर ने वीडियो वायरल होने और बढ़ते विवाद के बाद बाबा शंकरानंद को तलवंडी खुर्द डेरे की गद्दी से हटा दिया है। इसके साथ ही सिंह जत्थेबंदी के जत्थेदार सुखदेव सिंह लोपो ने बयान दिया है कि गांव निवासियों ने बाबा का सामाजिक बायकॉट कर दिया है। वह जल्द ही स्वामी दया सागर से मिलकर इस विषय में विस्तार से चर्चा करेंगे। इस डेरे में बाल आश्रम भी स्थित है, जहां कई लड़कियां रहती हैं। ऐसे में जत्थेबंदियों ने एसएसपी से मांग की है कि सरकार और प्रशासन यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें ताकि भविष्य में किसी भी लड़की के साथ कोई अनहोनी न हो। जत्थेबंदियों की मांग है कि ऐसे डेरों की पारदर्शी जांच हो और आरोपियों को सख्त सजा मिले।

Exit mobile version