Dainik Savera Times

CBI ने पंजाब CM के OSD समेत 6 के खिलाफ दर्ज की FIR, 8 ठिकानों पर छापेमारी

cbi

चंडीगढ़: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से मिली रिपोर्ट के आधार पर पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD समेत छह लोगों के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के मामले में FIR दर्ज की है।

मामले में IAS और IPS अधिकारियों की पोस्टिंग, विभागीय कार्रवाई, नीतियां बनाने, प्रशासनिक मंजूरी, टेंडर की शर्तों, लाइसेंसिंग, लैंड यूज कन्वर्जन, संपत्ति विवाद और राजस्व एवं भूमि से जुड़े मामलों में कथित तौर पर पैसों के बदले हस्तक्षेप करने के आरोप हैं।

CBI के अनुसार, आरोपियों पर सरकारी फैसलों और प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर आर्थिक लाभ लेने का आरोप है। यह भी आरोप है कि कुछ सरकारी कर्मचारियों ने सरकार की ओर से आधिकारिक रूप से जारी किए जाने से पहले ऑर्डर और पॉलिसी के ड्राफ्ट तक कथित पहुंच बनाई और उन्हें निजी व्यक्तियों के साथ साझा किया।

CBI ने जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनमें पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD राजबीर घुमन, नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आर.एस. नागरा शामिल हैं। FIR में अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।

FIR दर्ज करने के बाद CBI की टीमों ने चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में आरोपियों से जुड़े कुल 8 ठिकानों पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और विभिन्न दस्तावेजों समेत कई महत्वपूर्ण सामग्री जब्त किए जाने की बात कही गई है।

CBI के मुताबिक, जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एजेंसी इनसे कथित रिश्वतखोरी और अनियमितताओं से जुड़े सबूत जुटाने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। CBI ने कहा है कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और रिश्वतखोरी में शामिल लोगों को कानून के तहत सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version