Site icon Dainik Savera Times

कुलजीत सिंह संधू की मौत मामले में CBI जांच की मांग, सांसद औजला बोले- परिवार को मिले न्याय

पंजाब डेस्क: अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने अजनाला के गांव महिमद मंदरावाला की सरपंच के पति कुलजीत सिंह संधू की मौत के मामले में पंजाब सरकार से सीबीआई जांच कराने की मांग की है। रविवार को परिवार के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में औजला ने कहा कि यदि पंजाब पुलिस जांच की तह तक पहुंचने में सक्षम नहीं है तो मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह जरूरत पड़ने पर मामले को अदालत में भी ले जाएंगे और आगे कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

मोबाइल कई घंटे एक्टिव रहने को लेकर सवाल

सांसद औजला ने कहा कि परिवार के अनुसार कुलजीत सिंह के लापता होने के बाद उनका मोबाइल कई घंटों तक सक्रिय रहा। परिवार का दावा है कि करीब 14-15 घंटे तक मोबाइल एक्टिव था, लेकिन उनकी सही लोकेशन का पता नहीं लगाया जा सका।

औजला ने पुलिस की तकनीकी जांच को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा समय में मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने जैसी तकनीक उपलब्ध होने के बावजूद समय रहते व्यक्ति का पता क्यों नहीं लगाया जा सका।

अलग-अलग लोकेशन बताए जाने का परिवार का दावा

औजला के मुताबिक, परिवार का कहना है कि तलाश के दौरान पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों की लोकेशन बताई जाती रही। कभी नदी के पार, कभी किसी गांव और कभी जंगल क्षेत्र की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिले में इस तरह की स्थिति सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े करती है।

21 सितंबर को घर से निकले थे कुलजीत सिंह

परिवार के अनुसार, कुलजीत सिंह संधू 21 सितंबर को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।

23 सितंबर को रामदास क्षेत्र के पास सड़क किनारे उनका शव बरामद किया गया। मामले में पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत के वास्तविक कारण का पता जांच रिपोर्ट के बाद चलने की बात कही जा रही है।

Exit mobile version