Site icon Dainik Savera Times

सीसीटीवी खराब तो मेडिकल स्टोर पर दवा बिक्री बंद

CCTV Mandatory at All Medical Stores in Moga : मोगा। नशीली और मनो-प्रभावी दवाइयों की अवैध बिक्री पर लगाम लगाने के लिए मोगा जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। डीसी सागर सेतिया ने जिले के सभी मेडिकल स्टोरों और केमिस्ट शॉप पर चालू हालत में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया है। अब कैमरों की निगरानी के बिना किसी भी प्रकार की दवाई नहीं बेची जा सकेगी। दुकानदारों को सीसीटीवी फुटेज कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी। आदेशों का उल्लंघन रोकने के लिए कैमरे खराब होने की स्थिति में दवाइयों की बिक्री पर भी रोक रहेगी। ये आदेश 19 जनवरी, 2027 तक लागू रहेंगे।

अब मोगा जिले की सीमा में स्थित सभी दवाइयां बेचने वाली दुकानों और केमिस्ट शॉप पर चालू हालत में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। इतना ही नहीं, मेडिकल स्टोर संचालक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बिना किसी भी प्रकार की दवाई की बिक्री नहीं कर सकेंगे। जिला प्रशासन के इस फैसले को नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जिला मजिस्ट्रेट-कम-डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जिले के सभी केमिस्टों और दवा विक्रेताओं के लिए ये आदेश जारी किए हैं।

डीसी ने कहा कि जिले में कुछ दवा विक्रेताओं की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों की उचित व्यवस्था नहीं होने या कैमरों की निगरानी से बाहर दवाइयों की बिक्री होने के कारण नशीली, मनो-प्रभावी और अन्य नियंत्रित दवाइयों की गैरकानूनी बिक्री तथा दुरुपयोग को रोकने में मुश्किलें पैदा हो सकती हैं। इससे कानून व्यवस्था और अमन-शांति की स्थिति भी प्रभावित होने की आशंका रहती है। जारी आदेशों के अनुसार प्रत्येक मेडिकल स्टोर और केमिस्ट शॉप में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे लगाना जरूरी होगा। दुकान में दवाइयों की बिक्री केवल कैमरों की निगरानी में ही की जा सकेगी।

इसके लिए बिक्री काउंटर, नशीली एवं नियंत्रित दवाइयों के भंडारण वाले स्थान और दुकान के प्रवेश तथा निकास द्वार को सीसीटीवी कैमरों की कवरेज में रखना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि दुकान में दवाइयों की खरीद-फरोख्त की पूरी गतिविधि कैमरों में रिकॉर्ड हो सके, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में जांच के दौरान रिकॉर्डिंग की मदद ली जा सके। 90 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी सीसीटीवी फुटेज डीसी द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि मेडिकल स्टोरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी।

जरूरत पड़ने पर पुलिस विभाग या ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों द्वारा मांगे जाने पर यह रिकॉर्डिंग उपलब्ध करवानी होगी। इससे नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री से संबंधित किसी भी शिकायत या मामले की जांच में सहायता मिल सकेगी। कैमरे खराब होने पर दवाइयों की बिक्री पर रोक आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी समय मेडिकल स्टोर का सीसीटीवी सिस्टम खराब हो जाता है या किसी तकनीकी कारण से काम करना बंद कर देता है तो उस अवधि के दौरान दुकान पर दवाइयों की बिक्री नहीं की जा सकेगी। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बिना किसी भी प्रकार की दवाई बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इसलिए सभी केमिस्टों को अपने कैमरों और रिकॉर्डिंग सिस्टम को हर समय चालू हालत में रखना होगा। जिला प्रशासन के अनुसार ये आदेश सार्वजनिक हित, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं। ये आदेश 19 जनवरी, 2027 तक लागू रहेंगे।

Exit mobile version