नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने दलित समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरदीप सिंह गिल को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। बता दें कि यह पद लंबे समय से खाली था और अब इससे न केवल आयोग को सक्रियता मिलेगी बल्कि पंजाब के दलित समुदाय को भी केंद्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा।
राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ घोषित इस नियुक्ति की पुष्टि केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की ओर से जारी पत्र में की गई है। हरदीप सिंह गिल इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में अमृतसर ग्रामीण जिले के अध्यक्ष और अनुसूचित जाति मोर्चे के महासचिव के रूप में सक्रिय थे। इसके अलावा, वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष नेतृत्व के करीबी सहयोगी भी रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह ऐतिहासिक नियुक्ति है क्योंकि देश के केंद्र सरकार में कभी भी किसी दलित सिख को इस तरह का उच्च पद नहीं मिला। पहले केवल स्वर्गीय एस. बूटा सिंह जैसे नेता ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के रूप में प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन इसके बाद दलित सिखों का कोई केंद्रीय आयोग में प्रतिनिधित्व नहीं रहा।
हरदीप सिंह गिल की नियुक्ति से उम्मीद है कि दलित समुदाय के मुद्दों को केंद्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा और सामाजिक न्याय व अधिकारिता की दिशा में नई पहल संभव होंगी।
ये भी पढ़ें:
यह कदम न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश में दलित सिखों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रतीक माना जा रहा है, जो राजनीतिक और सामाजिक रूप से समुदाय के अधिकारों को सशक्त करने की दिशा में बड़ा संदेश देता है।