दीनानगर Investigation Agencies: ताज हैरिटेज में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। इसका नेतृत्व हलका विधायक अरुणा चौधरी ने किया। रैली में विशेष रूप से नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुजानपुर विधायक नरेश पुरी, वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी, गुरदासपुर विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा, नगर कौंसिल गुरदासपुर अध्यक्ष बलजीत सिंह पाहड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष दर्शन महाजन, रमन बब्बर मौजूद रहें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकत्र्ता एकत्रित हुए। पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश के संविधान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, आयकर और अन्य जांच एजैंसियों के गलत इस्तेमाल के कारण विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। लोग बड़ी संख्या में कांग्रेस के साथ हैं। उन्होंने कहा कि आज संविधान की रक्षा करना सबसे बड़ी जरूरत है। सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि आरएसएस के भगवा एजैंडे को पूरे देश में लागू करने वाली केंद्र की भाजपा सरकार बाबा साहेब के संविधान की लोकतांत्रिक भावना को नष्ट कर रही है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं दीनानगर विधायक अरुणा चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं की अनदेखी कर लोकतंत्र को खतरे में डाल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर संविधान की व्याख्याओं को अपनी सुविधा के अनुसार तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। वहीं, प्रताप बाजवा ने कहा कि केंद्र सरकार के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।

