Site icon Dainik Savera Times

निगम कमिश्नर शेरगिल खुद उतरे सड़कों पर; कूड़ा फैलाने पर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई कर काटे चालान

अमृतसर: स्वच्छता बनाए रखने तथा सालिड वेस्ट प्रबंधन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम ने मॉल रोड एवं लॉरेंस रोड पर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने और अवैध रूप से कचरा फेंकने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व स्वयं नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने किया। बीती रात शहर की प्रतिष्ठित मॉल रोड पर एक बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान द्वारा अवैध रूप से कचरा फेंके जाने की घटना को कमिश्नर शेरगिल ने गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत स्वच्छता शाखा को सड़क से कचरा हटाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रविवार सुबह कमिश्नर शेरगिल ने स्वयं अभियान की निगरानी की। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर हेल्थ (एमओएच) डॉ. योगेश अरोड़ा, मुख्य स्वच्छता अधिकारी मलकियत सिंह, सचिव-सह-एस्टेट अधिकारी सुशांत भाटिया, मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर हरिंदरपाल सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह, संजीव अरोड़ा तथा स्वच्छता शाखा के अन्य अधिकारियों ने अभियान में भाग लिया। अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठान निगम के स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर मौके पर ही चालान कर जुर्माना लगाया गया।

सत्यम एंटरप्राइजेज पर 10,000, एम/एस केयरट लाइन शोरूम पर 5,000, गुरमुख सिंह पेंट स्टोर पर 10,000, लॉरेंस रोड स्थित एक शराब के ठेके पर 2,000 तथा दसोंधा सिंह रोड स्थित शर्मा स्वीट्स के विरुद्ध चालान कर कार्रवाई की गई। इस संबंध में शेरगिल ने कहा कि नगर निगम प्रतिदिन तीन बार शहर की प्रमुख सड़कों की सफाई करता है, इसके बावजूद कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठान निर्धारित व्यवस्था के तहत कचरा देने के बजाय सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंक रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी उल्लंघनकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा तथा नगर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत जुर्माने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। शेरगिल ने सभी दुकानदारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखें, कचरे का उचित निस्तारण करें तथा सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचें। अमृतसर को स्वच्छ, सुंदर एवं कूड़ा-मुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपना योगदान देना चाहिए।

Exit mobile version