पटियाला: पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने सफाई कर्मचारियों के वेतन में 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपए किए जाने पर कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आयोग प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वह आज नगर निगम के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुनना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और सरकार की नीतियों को लेकर विचार-विमर्श करना है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से सरकार के ध्यान में लाया जाएगा और उनके कल्याण के लिए उचित फैसले करवाने के लगातार प्रयास किए जाएंगे। बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों ने पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और अपनी विभिन्न मांगें चेयरमैन के समक्ष रखीं।
चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने कर्मचारियों की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि आयोग इन मांगों को सरकार तक पहुंचाने तथा जल्द से जल्द उनका समाधान करवाने के लिए लगातार काम कर रहा है। इस अवसर पर नगर निगम मेयर कुंदन गोगिया, निगम कमिश्नर पूजा सियाल, ज्वाइंट कमिश्नर सिमरप्रीत कौर के अलावा नगर निगम के अधिकारी और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

