पठानकोट: शहर में आज सुबह मौसम ने ऐसी करवट ली कि कुछ देर की राहत के बाद उमस से लोगों का हाल बेहाल हो गया। सुबह आसमान में घने बादलों ने डेरा जमाया, जिससे लगा कि लंबे समय से जारी गर्मी से निजात मिलेगी। पौने दस बजे के करीब शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी ने शुरूआत में मौसम को सुहावना बना दिया और लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन यह राहत महज एक घंटे की थी। सुबह 11 बजे से 12 बजे तक शहर में तेज बारिश हुई। जिससे सड़कें भीग गईं और कुछ इलाकों में पानी जमा हो गया। इस बारिश ने शुरूआती तौर पर तापमान में गिरावट लाई, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक महसूस हुई। लोगों को उम्मीद थी कि अब गर्मी से स्थायी तौर पर मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन बारिश थमते ही स्थिति बिल्कुल उलट हो गई।
स्वास्थ्य पर उमस का असर:-
उमस भरी गर्मी का सीधा असर स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। ऐसे मौसम में पसीना ज्यादा आता है लेकिन वह सूखता नहीं, जिससे शरीर का तापमान नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। इससे थकान, चिड़चिड़ापन और शरीर पर घमौरियों जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई लोग डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) और लू के शिकार भी हो सकते हैं। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि उमस से बचने के लिए हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें। पर्याप्त मात्र में पानी पिएँ और तरबूज, खीरा जैसे पानी वाले फल खाएं। धूप में निकलने से बचें और अगर निकलना भी पड़े, तो छाता या टोपी का इस्तेमाल करें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?:-
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पठानकोट और इसके आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन इसके बाद उमस का दौर जारी रहेगा। दिन का तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि रात का तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आद्र्रता का स्तर भी 70-90} के बीच रहने की संभावना है, जो उमस को बढ़ाएगा।

