Site icon Dainik Savera Times

साइकिल यात्रा के दौरान चन्नी की गैंगस्टरों को खुली चेतावनी, बोले- पंजाब में अपराधियों के लिए नहीं होगी जगह

Channi issues an open warning to gangsters

Channi issues an open warning to gangsters

लुधियाना: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने अपनी साइकिल यात्रा के दूसरे दिन लुधियाना के समराला में कानून-व्यवस्था, नशे और महिला कल्याण को लेकर कई बड़े राजनीतिक बयान दिए। चन्नी ने महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ाने और सरकारी योजनाओं में काम कर रही सखियों को स्थायी करने का भी ऐलान किया।

गैंगस्टरों को चन्नी की चेतावनी

चन्नी ने पंजाब में बढ़ती गैंगस्टर गतिविधियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में आम लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं।

चन्नी ने कहा कि, “पंजाब में या तो हम रहेंगे या फिर गैंगस्टर।” उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने नशे और संगठित अपराध से निपटने के लिए पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। सरकार बनने के बाद इस योजना को तुरंत लागू किया जाएगा।

परमिंदर तिवाड़ी के परिवार से मिले पूर्व मुख्यमंत्री

साइकिल यात्रा के दौरान चन्नी समराला में मारे गए कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवाड़ी के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने उनकी पत्नी और दोनों बेटों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया और परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।

लुधियाना में सात विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी साइकिल यात्रा

चन्नी की ‘जवानी संभाल’ साइकिल यात्रा 13 नवंबर को लुधियाना पहुंची। समराला से शुरू हुई यह यात्रा साहनेवाल और रामगढ़ होते हुए शहर में प्रवेश करेगी। इसके बाद जमालपुर, समराला चौक, डिवीजन नंबर-3, चौड़ा बाजार, घंटाघर, पवेलियन मॉल, फाउंटेन चौक, घुमार मंडी और आरती चौक से गुजरते हुए दुर्गा माता मंदिर तक पहुंचेगी।

इस दौरान यात्रा जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों समराला, साहनेवाल, लुधियाना पूर्वी, लुधियाना केंद्रीय, लुधियाना उत्तरी, लुधियाना पश्चिमी और गिल में पहुंचेगी। यात्रा में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं के रात्रि ठहराव के लिए हार्डीज वर्ल्ड में व्यवस्था की गई है। यहां लंगर और ठहरने के विशेष इंतजाम भी किए गए हैं।

ये भी पढ़ें…

19 नवंबर को खन्ना में समाप्त होगी यात्रा

चन्नी की यह साइकिल यात्रा पंजाब के अलग-अलग इलाकों से होते हुए 19 नवंबर को खन्ना में समाप्त होगी। 14 नवंबर को यात्रा फिल्लौर की ओर बढ़ेगी। इसके बाद नूरमहल, शाहकोट, मोगा, बाघापुराना, फरीदकोट, तलवंडी साबो, मानसा, सरदूलगढ़, भदौड़ और बरनाला जैसे क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

कांग्रेस इस यात्रा को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जनसंपर्क अभियान और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश कर रही है। वहीं, लुधियाना में चन्नी के कार्यक्रम के साथ-साथ राजा वड़िंग की प्रतिक्रिया और कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता पर भी सबकी नजर रहेगी।

Exit mobile version