Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में तीन चीजें समय पर मिल रहीं : चन्नी

November 15, 2026

पंजाब में तीन चीजें समय पर मिल रहीं : चन्नी

Channi Targets AAP Government Over Drugs and Law & Order : मोगा। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने धर्मकोट में ‘जवानी संभालो यात्रा’ के दौरान आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे, फिरौती और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से लोग परेशान हैं। इस दौरान हजारों लोगों ने एकत्रित होकर चन्नी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने दावा किया कि लोगों को इंसाफ मिलने के बजाय कथित झूठे पुलिस मामलों में उलझाया जा रहा है।

यात्रा के यहां पहुंचने पर हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी के समक्ष अपनी समस्याएं और दुख-तकलीफें रखीं। लोगों ने जहां नशे, फिरौती और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की, वहीं कई लोगों ने अपने खिलाफ कथित तौर पर दर्ज करवाए गए झूठे पुलिस मामलों की शिकायत भी की। इस मौके पर चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी की सरकार और धर्मकोट हलके के विधायक पर तीखे राजनीतिक हमले किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे, फिरौती और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को ही कथित तौर पर पुलिस मामलों में उलझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपने हकों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाले लोगों को इंसाफ मिलने के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चन्नी ने कहा कि धर्मकोट क्षेत्र के कई परिवारों ने उनके सामने अपनी पीड़ा रखी है। कुछ परिवारों ने आरोप लगाया कि उनकी जमीनों पर जबरन कब्जे किए गए हैं और घरों में दाखिल होकर उन्हें परेशान किया गया।

कई लोगों ने बताया कि उनके परिवारों के सदस्य जेलों में बंद हैं और वे लंबे समय से इंसाफ मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। चन्नी ने कहा कि लोगों की ओर से सामने रखी गई शिकायतें पंजाब में मौजूदा हालात को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से उन्होंने ‘जवानी संभालो यात्रा’ शुरू की है, तब से पंजाब के अलग-अलग इलाकों में लोगों का दर्द और उनकी परेशानियां सुनने को मिल रही हैं। लोग मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पेश आ रही समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करें।

पंजाब में तीन चीजें समय पर मिल रही हैं : चन्नी भगवंत मान सरकार पर व्यंग्य करते हुए चन्नी ने कहा कि आज पंजाब में तीन चीजें ऐसी हैं, जो लोगों को समय पर मिल रही हैं। पहली चिट्टा, जिसकी मांग करने पर नशा जल्द पहुंच जाता है। दूसरी फिरौती की धमकी भरी कॉल, जिसमें सुबह फोन करके लाखों रुपये की मांग की जाती है और शाम सात बजे दोबारा फोन कर धमकाया जाता है। तीसरी मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के विज्ञापन हैं, जो लोगों तक समय पर पहुंच जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है, लेकिन सरकार जमीनी समस्याओं का समाधान करने के बजाय विज्ञापनों के माध्यम से अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने का वादा किया था, लेकिन आज प्रदेश नशे की समस्या से जूझ रहा है। अंत में चन्नी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज प्रदेश के हालात को लेकर लोगों में निराशा बढ़ रही है। ‘जवानी संभालो यात्रा’ के दौरान उमड़ी भीड़ और लोगों की ओर से उठाई गई समस्याओं को उन्होंने पंजाब के मौजूदा हालात का आईना बताया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें