Site icon Dainik Savera Times

चन्नी ने मोगा में ‘काले अंग्रेज’ बताकर केजरीवाल पर साधा निशाना

Channi Targets Kejriwal During Jawan Bachao Yatra : मोगा। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी की ‘जवानी बचाओ यात्रा’ रविवार को धर्मकोट से शुरू होकर मोगा पहुंची। यहां युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों ने उनसे मुलाकात कर नशे, बेरोजगारी और गैंगस्टरवाद से जुड़ी समस्याएं उठाईं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए चन्नी ने आम आदमी पार्टी सरकार और दिल्ली की लीडरशिप पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को ‘काले अंग्रेज’ करार देते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली के नेता पंजाब के राजनीतिक और प्रशासनिक मामलों में दखल दे रहे हैं।

 
 
 

मोगा में यात्रा के दौरान युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों ने चन्नी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। लोगों की शिकायतें सुनने और उनसे बातचीत करने के बाद यात्रा निहाल सिंह वाला के लिए रवाना हो गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी भाग लिया। मोगा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चन्नी ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार और पार्टी की राष्ट्रीय लीडरशिप पर जमकर राजनीतिक हमले किए। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को निशाने पर लेते हुए उन्हें ‘काले अंग्रेज’ करार दिया।

चन्नी ने आरोप लगाया कि दिल्ली की लीडरशिप पंजाब का खून चूस रही है और प्रदेश के राजनीतिक तथा प्रशासनिक मामलों में दिल्ली के नेताओं का दखल लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए चन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री को बार-बार खुद को ईमानदार और जनता का मुख्यमंत्री बताने की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति वास्तव में ईमानदार होता है तो जनता खुद उसकी ईमानदारी की गवाही देती है, उसे बार-बार अपने गुणों का प्रचार नहीं करना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के साढ़े चार साल के शासन में पंजाब में विकास के नाम पर कोई बड़ा काम दिखाई नहीं देता।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/771488.mp4

पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कितने नए अस्पताल, स्कूल और विश्वविद्यालय बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को राजनीतिक चुटकलों और प्रचार की नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और विकास की जरूरत है। चन्नी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशा तस्करी, माफिया और शराब के कारोबार से जुड़े लोगों का प्रभाव बढ़ रहा है, जबकि आम परिवारों के युवा नशे और बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। यात्रा के दौरान सामने आए दर्दनाक अनुभवों का जिक्र करते हुए चन्नी ने कहा कि कई महिलाएं अपने उन बेटों की तस्वीरें लेकर पहुंचीं, जिनकी नशे के कारण मौत हो चुकी है।

कई लोगों ने गैंगस्टरों की ओर से मिल रही धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उन्हें सुनाई और अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से पंजाब के मौजूदा हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश की जवानी को बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। बिजली और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर चन्नी ने कहा कि पहले 200 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही थी, जिसे मौजूदा सरकार ने बढ़ाकर 300 यूनिट कर दिया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर मुफ्त बिजली की सुविधा बंद नहीं की जाएगी।

महिलाओं को 1000 और 1500 रुपये देने के वादे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि साढ़े चार साल तक महिलाओं को यह राशि नहीं दी गई और अब कार्यकाल के अंतिम समय में इसे देने की बातें की जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं को इस दौरान मिलने वाली राशि का हिसाब सरकार कब देगी। आगामी विधानसभा चुनाव में टिकटों के वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर चन्नी ने कहा कि पार्टी में टिकट मांगना प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता का अधिकार है। जो भी नेता टिकट की मांग कर रहे हैं, वे सभी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ने करना है और हाईकमान जिस भी उम्मीदवार को टिकट देगी, सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उसका समर्थन करना चाहिए, ताकि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर सके। चन्नी ने बताया कि मोगा में कांग्रेस नेता मालविका सूद सहित बड़ी संख्या में लोग यात्रा के साथ जुड़े। हजारों विद्यार्थियों ने भी यात्रा में हिस्सा लिया और उनके साथ सवाल-जवाब किए। विदेशों से छुट्टियों पर आए कुछ एनआरआई युवाओं ने साइकिल चलाकर यात्रा को समर्थन दिया। उन्होंने दिल्ली के एक मीडिया चैनल की पत्रकार प्रज्ञा का भी जिक्र किया, जिन्होंने अपनी नौकरी छोड़कर इस यात्रा में शामिल होने का फैसला किया।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/771992.mp4

चन्नी ने अंत में कहा कि ‘जवानी बचाओ यात्रा’ का मकसद केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं की आवाज बुलंद करना, नशों के खिलाफ जनजागृति पैदा करना, गैंगस्टरवाद के खिलाफ लोगों को जागरूक करना और आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनना है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।

Exit mobile version