Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जगराओं अनाज मंडी में हंगामा; निहंगों ने मार्कीट कमेटी कर्मियों को बनाया बंधक

April 24, 2025

जगराओं अनाज मंडी में हंगामा; निहंगों ने मार्कीट कमेटी कर्मियों को बनाया बंधक

जगराओं: मार्कीट कमेटी दफ्तर में बुधवार शाम उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब दर्जन से अधिक हथियारबंद निहंग सिंहों ने कमेटी के कर्मचारियों को दफ्तर के अंदर ही बंद कर दिया। इस संबंधी सूचना मिलने पर मार्कीट कमेटी के कर्मचारियों ने तत्काल एसडीएम जगराओं करणवीर सिंह को पूरे मामले की जानकारी दी। एसडीएम ने फौरन जगराओं सिटी पुलिस स्टेशन की टीम को मौके पर भेजा। इस दौरान मौके पर पहुंचे थाना सिटी जगराओं के एसएचओ वरिंदर पाल सिंह उप्पल ने निहंग सिंहों से मार्कीट कमेटी में आने का कारण पूछा। एसएचओ के पूछने पर निहंगों ने मंडी के प्रबंधनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि माकीट कमेटी में बड़े पैमाने पर घपलेबाजी हो रही है और यहां उम्रदराज कर्मचारियों को काम पर रखा गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कमेटी कर्मचारी उन्हें आवश्यक रिकॉर्ड नहीं दे रही है और इसके अलावा सचिव भी मौके पर मौजूद नहीं है।

इस पर एसएचओ वरिंदर सिंह ने निहंग सिंहों को समझाते हुए कहा कि अगर उन्हें कोई शिकायत है तो वे लिखित में दें और यदि उन्हें रिकॉर्ड चाहिए तो वे इसे आरटीआई (सूचना का अधिकार) के तहत हासिल कर सकते हैं। वहीं मार्केट कमेटी के कुछ कर्मचारियों ने नाम न बताने की शर्त पर दबे स्वर में बताया कि निहंग सिंह कथित तौर पर उनसे पैसों की मांग कर रहे थे। इस दौरान घटना की सूचना मिलने पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान घन्हैया लाल बांका गुप्ता, जगसीर सिंह कलेर और अन्य कुछ आढ़ती भी मौके पर पहुंच गए जिसके बाद एक बार माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि निहंग सिंह अब खुलेआम लोगों के साथ धक्केशाही कर रहे हैं।

अगर उन्हें कोई समस्या थी तो उन्हें कानूनी रूप से शिकायत करनी चाहिए थी न कि कर्मचारियों को बंधक बनाना चाहिए था। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि निहंग सिंह अक्सर मंडी में आकर इस तरह का रवैया अपनाते हैं। एसएचओ ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि खुलेआम कर्मचारियों को बंधक बनाना कानून के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएचओ के हस्तक्षेप के बाद निहंग सिंह मौके से चले गए। पूरे दिन जगराओं अनाज मंडी में यही चर्चा रही कि निहंग सिंहों की यह कार्रवाई खुलेआम दबाव बनाने और धौंस जमाने की कोशिश थी, जबकि उनका काम धर्म से जुड़ा है, न कि मंडी प्रबंधन में दखल देना। हालांकि निहंग सिंहों का कहना है कि वे सभी मंडियों का निरीक्षण कर रहे हैं क्योंकि वहां का प्रबंधन बहुत खराब है और भ्रष्टाचार व्याप्त है।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के बयान से बढ़ा तनाव, इजराइल को ‘कैंसर’ कहने पर बवाल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें