बरनाला : पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद बरनाला शहर में सफाई व्यवस्था बहाल करने को लेकर माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। शहर से कूड़े के ढेर हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और पिछले कई दिनों से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कई सफाई कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गए, जबकि एक महिला सफाई कर्मचारी के लहूलहान होने की भी सूचना है। घटना के बाद एसडी कॉलेज के सामने का इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
हाईकोर्ट के निर्देश और निगम की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानसून के मौसम को देखते हुए और बीमारियों के खतरे को टालने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने शहर में तुरंत सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत नगर निगम प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के साथ शहर से कूड़े के ढेर उठाने की कार्रवाई शुरू की। जैसे ही प्रशासन की टीमें एसडी कॉलेज के पास कचरा उठाने पहुंचीं, तो हड़ताल पर डटे सफाई कर्मचारियों ने इसका जोरदार विरोध किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कर्मचारियों में धक्का-मुक्की बढ़ गई, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...