लुधियाना: शहीद मास्टर करनैल सिंह इसरू के शहीदी दिवस के मौके पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और तरुणप्रीत सिंह सौंद ने उनके पैतृक गांव इसरू में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शहीद को श्रद्धांजलि दी। दोनों मंत्रियों ने शहीद की मूर्ति पर फूल चढ़ाकर उनके बलिदान को याद किया। इस मौके पर मंत्रियों ने शहीद मास्टर करनैल सिंह इसरू की भतीजी जसविंदर कौर और नरिंदर कौर को भी सम्मानित किया।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाबियों ने देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा बड़ी कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने कहा कि शहीद करनैल सिंह इसरू ने गोवा की आजादी के लिए अपनी जान कुर्बान करके पंजाब की बहादुरी और देशभक्ति की मिसाल कायम की। चीमा ने पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ड्रग्स और गैंगस्टर के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही है।
तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि शहीद करनैल सिंह इसरू की विरासत युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन और बलिदान से प्रेरणा लेने की अपील की। सौंद ने कहा कि गांव इसरू के विकास के लिए अब तक 2 करोड़ 17 लाख रुपये की ग्रांट जारी की जा चुकी है।
📍 Location: Ludhiana

