Site icon Dainik Savera Times

मुख्यमंत्री ने लुधियाना के हैबोवाल में रखी कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना के हैबोवाल में 65 करोड़ रुपये की लागत वाले कंप्रेस्ड बायो-गैस प्लांट की आधारशिला रखी। पंजाब सरकार के अनुसार यह परियोजना बूढ़ा दरिया में डेयरी कॉम्प्लेक्स से जाने वाले गोबर और कचरे को रोकने के साथ-साथ क्षेत्र में सीवरेज जाम और जल प्रदूषण की समस्या कम करने में मदद करेगी। करीब 2.5 एकड़ जमीन में बनने वाला यह प्लांट सितंबर 2027 तक चालू होने की उम्मीद है। परियोजना के तहत प्रतिदिन लगभग 300 टन गोबर का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा।

रोजाना 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस उत्पादन का लक्ष्य

प्रस्तावित प्लांट में हर दिन करीब 5 टन कंप्रेस्ड बायो-गैस तैयार करने की योजना है। इसके अलावा जैविक बायो-फर्टिलाइजर भी बनाया जाएगा। पंजाब सरकार का कहना है कि इससे गोबर के बेहतर इस्तेमाल के साथ रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और जैविक खेती को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।

435 डेयरी संचालकों को मिलेगा फायदा

हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स में रोजाना बड़ी मात्रा में निकलने वाले गोबर के वैज्ञानिक प्रबंधन से करीब 435 डेयरी मालिकों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। परियोजना को पंजाब सरकार के ‘वेस्ट टु वेल्थ’ मिशन से जोड़ा गया है। इसके तहत कचरे को आर्थिक संसाधन में बदलने के साथ डेयरी संचालकों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर पैदा करने की योजना है।

बूढ़ा दरिया में कचरा जाने से रोकने पर जोर

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि डेयरी कॉम्प्लेक्स से निकलने वाला अनुपचारित गोबर और कचरा बूढ़ा दरिया में जाने से रोका जा सकेगा। पंजाब सरकार के अनुसार, इससे पानी के प्रदूषण को कम करने और डेयरी कॉम्प्लेक्स तथा उसके आसपास सफाई व्यवस्था बेहतर करने में मदद मिलेगी। परियोजना को बुड्ढा दरिया के कायाकल्प कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।

पंजाब में लगाए जाएंगे कई प्लांट

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने के लिए इस तरह की और परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि राज्य के जल स्रोतों में बिना उपचारित गंदा पानी न डालें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है।

70 हजार नौकरियों में बरती पारदर्शिता

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से अब तक दी गई सरकारी नौकरियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि राज्य में करीब 70 हजार सरकारी नौकरियां पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रक्रिया के जरिये दी गई हैं। पंजाब सरकार के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया में मेरिट और उम्मीदवारों की मेहनत को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के विकास के लिए पंजाब सरकार और कर्मचारियों के मिलकर काम करने की बात दोहराई।

Exit mobile version