जालंधरः लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग कुमार पासवान रविवार दोपहर डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे। उन्होंने डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक होकर संत निरंजन दास से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा कि वह अमृतसर के बाद जालंधर पहुंचे हैं और संत निरंजन दास का आशीर्वाद लेने के लिए डेरा आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब से उनका भावनात्मक रिश्ता है, क्योंकि उनकी मां पंजाबी और सरदारनी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आधा सरदार और पंजाबी हूं, इसलिए पंजाब के परिवार के प्रति मेरी जिम्मेदारी भी बनती है।
चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता और पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की सोच थी कि लोक जनशक्ति पार्टी का विस्तार पंजाब में भी होना चाहिए। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पार्टी पंजाब में संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक अपनी विचारधारा पहुंचाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी का विस्तार हुआ है और उसके कई नेता सांसद तथा विधायक चुने गए हैं। अब इसी तरह पंजाब में भी पार्टी को मजबूत करने का लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डेरा सचखंड बल्लां में उनका दौरा किसी राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि संत निरंजन दास का आशीर्वाद लेने के लिए था।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी फिलहाल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। संगठन को मजबूत करने का काम जारी है। चुनाव नजदीक आने पर ही यह तय किया जाएगा कि पार्टी किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन करेगी या नहीं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...