Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

पटियाला में CIA पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 270 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद

November 3, 2026

पटियाला में CIA पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 270 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद

पटियाला: पंजाब पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही ‘वॉर अगेंस्ट ड्रग्स’ मुहिम के तहत पटियाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हेरोइन सप्लाई करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 270 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। आरोपियों की पहचान रोहित कुमार गागट पुत्र राजपाल निवासी न्यू बिशन नगर और विनोद कुमार उर्फ गंजा पुत्र किशोरी लाल निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी, बन्ना, बिशन नगर, पटियाला के रूप में हुई है।

पटियाला के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि डीजीपी पंजाब गौरव यादव के दिशा-निर्देशों के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत एसपी इन्वेस्टिगेशन राजेश छिब्बर और डीएसपी इन्वेस्टिगेशन गुरवीर सिंह गिल की निगरानी में CIA पटियाला के इंचार्ज सिमरजीत सिंह सरगिल की टीम ने यह कार्रवाई की।

नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी

एसएसपी ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को एएसआई तेजिंदर सिंह CIA पटियाला की पुलिस पार्टी के साथ पुराने बस स्टैंड के पास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रोहित कुमार गागट और विनोद कुमार उर्फ गंजा अपनी सियाज कार नंबर PB11DP-2870 में सवार होकर ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करने आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की और कार सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 270 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। इस संबंध में थाना लाहौरी गेट, पटियाला में NDPS एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत FIR नंबर 194 दिनांक 02.11.2026 दर्ज की गई है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहित कुमार गागट के खिलाफ पटियाला जिले के विभिन्न पुलिस थानों में NDPS एक्ट और अन्य स्थानीय एवं विशेष कानूनों के तहत करीब 8 मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में कई बार जेल जा चुका है और दो मामलों में उसे सजा भी हो चुकी है। वहीं, उसके साथी विनोद कुमार उर्फ गंजा के खिलाफ भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच के अनुसार, दोनों आरोपी पिछले 6 से 7 महीनों से कथित तौर पर हेरोइन बेचने के धंधे में शामिल थे।

पुलिस रिमांड लेकर की जाएगी पूछताछ

एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड मिलने के बाद उनसे बरामद हेरोइन और ड्रग मनी के संबंध में गहराई से पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि आरोपी किन-किन लोगों को हेरोइन सप्लाई करते थे और उन्हें नशे की खेप कहां से मिलती थी। इसके साथ ही उनके पुराने और मौजूदा संपर्कों की भी जांच की जाएगी, ताकि नशा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें