अमृतसर: सिटी पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों का धंधा करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दो की गिरफ्तारी सीआईए स्टाफ और एक आरोपी की गिरफ्तारी थाना गेट हकीमां की पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस कमिश्नर रणजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि सीआईए स्टाफ की पुलिस ने इंस्पेक्टर बिंदरजीत सिंह की अध्यक्षता में छेहर्टा के इलाका घनपुर काले में नाका लगाया था। इस दौरान रविंद्र सिंह उर्फ काका निवासी घनपुर काले छेहर्टा और आशीष उर्फ गोलू निवासी दयानंद नगर लॉरैंस रोड को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, 4 जिंदा कारतूस, 1 पिस्टल 9 एमएम और 2 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसी तरह थाना गेट हकीमां की इंस्पेक्टर मनजीत कौर ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई की है। गैंगस्टर संदीप सिंह उर्फ भड़कीला निवासी अरोड़ा गैस एजैंसी वाली गली को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 32 बोर का एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ जारी है।
सिटी पुलिस द्वारा अवैध हथियारों का धंधा करने वाले 3 गिरफ्तार

