Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में कल होगा निकाय चुनाव, 36.72 लाख मतदाता डालेंगे वोट, 29 मई को आएंगे नतीजे

Assembly Elections 2026

Assembly Elections 2026

चंडीगढ़: पंजाब में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बता दें कि कल मंगलवार को वोटिंग होगी, जबकि मतगणना और नतीजों की घोषणा 29 मई 2026 को की जाएगी। इस बार चुनाव को लेकर पूरे राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पंजाब के 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों में होने वाले इन चुनावों में कुल 36,72,932 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया के लिए 3,977 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां लगभग 36 हजार चुनाव कर्मी और 35,500 पुलिस व होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। हर बूथ पर पांच सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

मैदान में उतरे 7,555 उम्मीदवार

इस चुनाव में कुल 7,555 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया में शुरुआत में 10,809 उम्मीदवार शामिल थे, जिनमें से कुछ ने नाम वापस ले लिया और 79 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए।

राजनीतिक दलों में सबसे अधिक उम्मीदवार आम आदमी पार्टी (1801) के हैं। इसके बाद कांग्रेस (1550), भाजपा (1316), शिरोमणि अकाली दल (1251), बसपा (96) और 1528 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन निकाय चुनावों को 2027 विधानसभा चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक टेस्ट के रूप में देखा जा रहा है।

सभी बूथों पर रखी जाएगी CCTV निगरानी

चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सभी पोलिंग बूथों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने आदेश दिया है कि सभी रिकॉर्डिंग कम से कम एक वर्ष तक सुरक्षित रखी जाए और किसी भी स्थिति में बिना अनुमति नष्ट न की जाए।

याचिकाओं में मतदान प्रक्रिया में दबाव और हस्तक्षेप की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद अदालत ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।

मतदान से पहले 26 मई को सरकारी अवकाश

मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पंजाब सरकार ने 26 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और बोर्ड-कॉरपोरेशन बंद रहेंगे। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने भी अपने कर्मचारियों के लिए विशेष अवकाश घोषित किया है।

ये भी पढ़ें…

भीषण गर्मी के बीच मतदान

भीषण गर्मी को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल ने मतदान समय बढ़ाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि गर्म मौसम के कारण मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है, इसलिए समय दो घंटे बढ़ाया जा सकता है।

Exit mobile version