Site icon Dainik Savera Times

केंद्रीय हलके में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत सफाई अभियान शुरू

Cleanliness drive launched under ‘Mission Clean Punjab’ : अमृतसर। पंजाब सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत अमृतसर के केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया। टेलीफोन एक्सचेंज क्षेत्र से शुरू हुए अभियान में विधायक डॉ. अजय गुप्ता और मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने सफाई कर्मचारियों व पार्टी वालंटियरों के साथ मिलकर छोटे कूड़ा डंपों की सफाई करवाई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान का शुभारंभ टेलीफोन एक्सचेंज क्षेत्र से किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा बनाने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इस अवसर पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने मेयर स. जतिंदर सिंह भाटिया, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण कुमार, सैनिटेशन विभाग के अधिकारियों, आम आदमी पार्टी के वालंटियरों तथा सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित छोटे कूड़ा डंपों की सफाई कर गंदगी को हटाया गया। विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत अमृतसर शहर में छोटे-छोटे कूड़ा डंपों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी समान रूप से जिम्मेदारी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें तथा शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों का कूड़ा केवल नगर निगम के डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों को ही दें। डॉ. गुप्ता ने विशेष रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ही अमृतसर को स्वच्छ, सुंदर और साफ-सुथरा शहर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर विशाल गिल, मोनिका भट्टी, रितु महाजन, राजू भाटिया, दीपक बग्गा, रोहित पहलवान, चिराग मेहरा, संदीप सिंह सहित आम आदमी पार्टी के वालंटियर तथा नगर निगम के सफाई कर्मचारी उपस्थित थे।

Exit mobile version