Site icon Dainik Savera Times

‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत अमृतसर बस स्टैंड पर चला सफाई अभियान

Cleanliness drive under ‘Mission Clean Punjab’ : अमृतसर। गुरु नगरी को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत अमृतसर बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व विधायक जीवन ज्योत कौर और मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने किया। इस दौरान शहरवासियों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने की अपील की गई।

इस अवसर पर विधायका जीवन ज्योत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है और इसके तहत अमृतसर शहर में भी लगातार सफाई अभियान जारी हैं। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी स्तर पर किए जा रहे प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शहरवासियों तथा अमृतसर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की कि वे कूड़ा-कचरा केवल निर्धारित स्थानों और डस्टबिन में ही डालें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और कपड़े के थैलों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की भी अपील की।
विधायका जीवन ज्योत कौर ने कहा कि गुरु नगरी को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए ऐसे प्रयास आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ अमृतसर, सुंदर अमृतसर’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है। मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने कहा कि पवित्र शहर अमृतसर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम द्वारा कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि गुरु नगरी में हर रोज देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए शहर का प्रत्येक हिस्सा साफ-सुथरा और सुंदर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम अमृतसर शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है तथा शहर में सफाई अभियानों को और तेज किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे प्रशासन और नगर निगम का सहयोग करते हुए अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Exit mobile version