Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर अमृतसर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी: डॉ. जसबीर सिंह संधू

September 12, 2026

स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर अमृतसर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी: डॉ. जसबीर सिंह संधू

अमृतसर: गुरु की नगरी अमृतसर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत विधानसभा क्षेत्र अमृतसर पश्चिम में सफाई अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी के तहत आज विधानसभा क्षेत्र अमृतसर पश्चिम के कोट खालसा इलाके में विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने सफाई अभियान की अगुवाई की।

सफाई अभियान के दौरान इलाके की व्यापक सफाई करवाने के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को भी साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने कहा कि गुरु की नगरी अमृतसर को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र अमृतसर पश्चिम के विभिन्न इलाकों में सफाई और सौंदर्यीकरण के कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है तथा आने वाले समय में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

डॉ. संधू ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ केवल सफाई तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ शहरवासी भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करें तो अमृतसर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर तथा पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर बनाया जा सकता है।

उन्होंने शहरवासियों और अमृतसर आने वाले यात्रियों से अपील की कि वे कूड़ा केवल डस्टबिन अथवा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज करें। उन्होंने कपड़े के थैलों और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के इस्तेमाल को प्राथमिकता देने की भी अपील की।

विधायक ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही सफाई अभियानों को स्थायी सफलता मिल सकती है। उन्होंने सभी शहरवासियों से आह्वान किया कि वे प्रशासन के साथ मिलकर ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को जन आंदोलन बनाएं और गुरु की नगरी अमृतसर को स्वच्छ, सुंदर, हरा-भरा एवं स्वस्थ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें