Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्राइमरी शिक्षा कार्यालय में तैनात क्लर्क 10,000 रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू

July 29, 2026

प्राइमरी शिक्षा कार्यालय में तैनात क्लर्क 10,000 रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू

होशियारपुरः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्राइमरी शिक्षा कार्यालय, हाजीपुर, जिला होशियारपुर में तैनात क्लर्क गगन को 10,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव सुल्तानपुर, जिला मालेरकोटला के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता अपनी पत्नी, जो गांव सहोरा, ब्लॉक हाजीपुर, जिला होशियारपुर के सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में ईटीटी अध्यापिका है, के चाइल्ड केयर लीव संबंधी कार्य के लिए बीपीईओ कार्यालय, हाजीपुर पहुंचा था।

बीपीईओ कार्यालय में शिकायतकर्ता की मुलाकात आरोपी क्लर्क से हुई। बाद में आरोपी ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क किया और उसकी पत्नी की चाइल्ड केयर लीव स्वीकृत करवाने के बदले 10,000 रूपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया।

शिकायतकर्ता अवैध रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो, रेंज जालंधर से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी क्लर्क को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 10,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें