CM Mann-Kejriwal Amritsar Visit: पंजाब सरकार की ओर से आज शाम अमृतसर के रंजीत एवेन्यू स्थित पायटेक्स ग्राउंड में राज्य स्तरीय धार्मिक समागम “एक शाम भगवान शिव जी के नाम” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इस धार्मिक आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण प्रसिद्ध शिवभक्त गायक हंसराज रघुवंशी होंगे, जो अपने लोकप्रिय भजनों से भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगे। पंजाब के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री मान और केजरीवाल करेंगे शिरकत
राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी विशेष रूप से शामिल होंगे। दोनों नेता भगवान शिव के चरणों में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं
सरकार की ओर से आयोजन स्थल पर पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है। आयोजकों ने लोगों से समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
कार्यक्रम के दौरान रंजीत एवेन्यू और आसपास के इलाकों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार हरतेज अस्पताल से गुमटाला रोड तथा इन-आउट बेकरी टी-पॉइंट से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
रंजीत एवेन्यू जाने वाले वाहन चालकों को रतन सिंह चौक, एम.के. होटल रोड, बेस्ट वेस्टर्न रोड और सी-मार्केट टी-पॉइंट से होकर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। वहीं शहर के बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आईटीआई-आनंद पार्क मार्ग का उपयोग करने के लिए कहा गया है।
ये भी पढ़ें…
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
धार्मिक समागम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख चौराहों पर पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शरारती गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

