Site icon Dainik Savera Times

CM Bhagwant Mann ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक, ‘हर शुक्रवार, डेंगू ते वार’ अभियान की शुरुआत की

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में डेंगू के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से आज यहां ‘हर शुक्रवार, डेंगू ते वार’ अभियान शुरू किया। अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राज्य में डेंगू और अन्य जल जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है जिसके तहत यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मई से नियमित ब्रीडिंग जांच अभियान चलाया है, जिसके तहत मई और जून माह में 300 ब्रीडिंग चेकर्स की भर्ती की गई, जिनकी संख्या जुलाई माह में बढ़ाकर 1200 कर दी गई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह जन जागरूकता अभियान चलाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में 47 सेंटिनल सर्विलांस हॉस्पिटल चिन्हित किए गए हैं और राज्य में डेंगू की जांच के लिए एनएस-1 किट और आईजीएम किट उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों की सुविधा के लिए डेंगू और चिकनगुनिया का टेस्ट मुफ्त किया जा रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि डेंगू के पूर्ण उन्मूलन के लिए राज्य के प्रमुख विभागों जैसे स्थानीय सरकार, ग्रामीण विभाग, शिक्षा और अन्य विभागों की सेवाएं ली जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए इस अभियान में मच्छरों के पूर्ण उन्मूलन पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए. उन्होंने लोगों से डेंगू से लड़ने का आह्वान करते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान की सफलता के लिए युद्ध स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में फॉगिंग गतिविधियों में तेजी लाने के लिए उचित व्यवस्था करने के साथ-साथ मच्छरों के लार्वा निरीक्षण के लिए अधिक से अधिक कर्मचारी तैनात करने को कहा हैं। भगवंत सिंह मान ने लोगों से डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए अपने घरों और आसपास को साफ रखने का आग्रह किया और कहा कि डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है और सभी भागीदारों को डेंगू को खत्म करने के लिए अपने प्रयास जारी रखने चाहिए।

Exit mobile version