Site icon Dainik Savera Times

एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना, 116 एकड़ में तैयार हो रहा पंडाल

 

CM Bhagwant Mann to Launch Smart Ration Card Distribution : मोगा। गांव नथूवाला जदीद में 26 नवंबर को आयोजित होने वाले विशाल राज्य स्तरीय समारोह को लेकर पंजाब सरकार और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं।

इस समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्मार्ट राशन कार्डों के वितरण की शुरुआत करेंगे। राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में पंजाब के विभिन्न हिस्सों से एक लाख से अधिक लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के पहुंचने की संभावना है। समारोह को सफल बनाने के लिए लगभग 116 एकड़ भूमि में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है और लोगों की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार तथा आम आदमी पार्टी के मुख्य सचिव एवं जालंधर कैंट के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी दीपक बाली ने समारोह स्थल का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने तैयारियों का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और प्रबंधकीय टीमों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए प्रत्येक व्यवस्था समय रहते पूरी की जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं चेयरमैन जिला योजना समिति मोगा बरिंदर कुमार शर्मा, जिला योजना बोर्ड फरीदकोट के चेयरमैन गुरतेज सिंह खोसा, डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चाहल सहित अन्य अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में होने वाला यह समारोह पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। स्मार्ट राशन कार्ड वितरण की शुरुआत से पात्र परिवारों को सरकारी राशन की सुविधा पारदर्शी और सुचारू ढंग से उपलब्ध करवाने की व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह निर्धारित की जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना पहले से तैयार की जाए।

इसके अलावा पीने के स्वच्छ पानी, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य बुनियादी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुविधा के लिए भी उचित प्रबंध किए जाएं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस समारोह के माध्यम से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, रोजगार, कृषि, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में पंजाब सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी दी जाएगी।

Exit mobile version