जालंधर: स्वंतत्रता दिवस के मौके पर वीरवार को जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम दौरान सीएम भगवंत सिंह मान तिरंगा फहराने की रस्म अदा करेंगे। इस दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों, एनसीसी, स्काऊट्स एंड गाइड्स के मार्च पास्ट की सलामी लेंगे और स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम व पीटी शो का मुजाहिरा करेंगे। बुधवार को डीसी डा. हिमांशु अग्रवाल ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा भी की तथा दीप नगर से लेकर स्टेडियम तक सीएम के काफिले के पहुंचने की रिहर्सल भी की। परेड में आर.ए.एफ.सी. आर.पी.एफ., आई.टी.बी.पी., जालंधर पुलिस कमिश्नरेट, आर.टी.सी. पी.ए.पी., आई.आर.बी.एन., पंजाब होम गार्ड, एन.सी.सी. (लड़के और लड़कियां) व विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियां और पी.ए.पी. जालंधर का ब्रास बैंड शामिल होगा। इसके बाद अलग-अलग विभागों द्वारा विकास एवं लोक कल्याण योजनाओं को दिखाती झांकी पेश होगी। राज्यस्तरीय समारोह के चलते महानगर को पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंग दिया गया। चौक-चौराहों को तिरंगे की रोशनी से नहला दिया गया है।
CM Bhagwant Mann स्वतंत्रता दिवस पर जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में फहराएंगे तिरंगा

