पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ में आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और सांसद मालविंदर कंग सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए राज्य में बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना रहा।

इस दौरान पूरे पंजाब में लागू किए जाने वाले मास्टर प्लान की समीक्षा की गई और इस बात पर जोर दिया गया कि इसे प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर तक लागू किया जाए। अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा में जल निकासी व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और सुदृढ़ करने जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया।
सभी मंत्रियों ने संभावित नुकसान को कम करने के लिए पहले से की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जरूरी सुरक्षा उपाय समय रहते पूरे कर लिए जाएं। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। सरकार ने स्पष्ट किया कि राज्य के नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पंजाब सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।