Site icon Dainik Savera Times

CM मान ने बाबा शेख फरीद जी की जयंती पर देशवासियों को दी बधाई, कहा- ‘मानवता की भलाई सिखाती है…’

CM Bhagwant Mann

Baba Sheikh Farid : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने महान सूफी संत और दरवेश भक्त बाबा शेख फरीद जी की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों और देशभर के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, कि बाबा फरीद जी की वाणी आज भी मानवता को सच्चाई और भक्ति के वास्तविक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

भगवंत मान ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में दर्ज बाबा फरीद की वाणी हमें यह संदेश देती है कि बाहरी दिखावे और पाखंड का कोई स्थान नहीं है। उनकी शिक्षाएं आत्मिक जागरूकता और सच्चे प्रेम पर आधारित हैं, जो हर इंसान को भीतर से शुद्ध और मजबूत बनाती हैं। बाबा फरीद की वाणी आज के दौर में भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी सैकड़ों वर्ष पहले थी।

भारतीय उपमहाद्वीप के पहले प्रमुख सूफी संतों में गिने जाते हैं बाबा शेख फरीद जी 

बाबा शेख फरीद जी का जन्म 1173 ईस्वी में पंजाब के मलिकपुर गांव (वर्तमान पाकिस्तान) में हुआ था। वे भारतीय उपमहाद्वीप के पहले प्रमुख सूफी संतों में गिने जाते हैं। उनका जीवन प्रेम, करुणा, और इंसानियत की सेवा का अद्भुत उदाहरण है। बता दें कि उन्होंने लोगों को जात-पात और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को अपनाने की राह दिखाई। उनकी कविताएं और दोहे आज भी लोगों को आध्यात्मिक शांति और सामाजिक समानता का संदेश देते हैं।

बता दें कि पंजाब समेत पूरे उत्तर भारत में बाबा फरीद जी की जयंती बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है। वहीं गुरुद्वारों और दरगाहों में विशेष कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया जाता है। भक्तजन उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए सेवा और भक्ति में लीन रहते हैं।

सीएम भगवंत मान ने अपने संदेश में यह भी कहा कि बाबा फरीद का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति और ईश्वर की प्राप्ति के लिए आडंबर नहीं, बल्कि पवित्र हृदय और सच्चे कर्म की आवश्यकता होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि बाबा फरीद के आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सम्मान को बढ़ावा दें।

Exit mobile version