मालेरकोटला : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मालेरकोटला में लड़कियों के लिए नए 5 मंजिला सरकारी स्कूल भवन का उद्घाटन किया और इसे पंजाब की बेटियों के लिए स्वतंत्रता दिवस का विशेष तोहफा बताया। उन्होंने बताया कि 6.39 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना को 6.34 करोड़ में पूरा करके सरकारी खजाने के 5.25 लाख रुपए बचाए गए हैं, जबकि विद्यार्थियों को लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम, कॉमन रूम और वॉशरूम जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
यह नई इमारत मालेरकोटला और आसपास के गांवों की लड़कियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को उनके घरों के नजदीक लेकर आएगी। पंजाब का शिक्षा मॉडल बेहतरीन परिणाम दे रहा है, जिसके तहत सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट और 361 विद्यार्थियों ने जे.ई.ई. की परीक्षा पास की है। इसके अलावा 15,000 से अधिक लड़कियों को विशेष बस सेवाएं दी जा रही हैं ताकि घर से दूरी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
इसके साथ ही गरीब परिवारों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार करने के लिए 118 ‘स्कूल ऑफ एमिनैंस’ स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने स्मार्ट स्कूलों के नाम पर केवल स्कूलों की इमारतों को रंगा था जबकि वर्तमान सरकार एक ऐसा शिक्षा ढांचा तैयार कर रही है जो सकारात्मक परिणाम दे रहा है और जिसने पंजाब को देश में शिक्षा के क्षेत्र में नंबर एक राज्य बनाया है।

