Site icon Dainik Savera Times

CM Mann ने शहीद होमगार्ड जवान जसपाल सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपए के बीमा का चेक सौंपा

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ड्यूटी के दौरान शहीद हुए होमगार्ड जवान जसपाल सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपए का बीमा सुरक्षा का चेक सौंपा। परिवार को चेक सौंपते हुए और उनके साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने जवानों के परिवारों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि शहीद जसपाल सिंह के बेटे को पहले ही पुलिस बल में सिपाही के रूप में भर्ती किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जसपाल सिंह की सुल्तानपुर लोधी में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई थी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से आज एचडीएफसी बैंक के माध्यम से एक करोड़ रुपए के बीमा का भुगतान किया गया है, जबकि परिवार को पहले ही एक करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस धरती के सपूत द्वारा दिए गए बहुमूल्य योगदान को सम्मान देने के लिए है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल सिंह के परिवार को दी गई वित्तीय सहायता राज्य सरकार की उन सैनिकों (सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस) और उनके परिवारों की देखभाल सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। भगवंत सिंह मान ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार द्वारा किया गया यह विनम्र प्रयास एक तरफ पीड़ित परिवार की मदद करेगा और दूसरी तरफ उनके भविष्य को सुरक्षित करेगा। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए इन बहादुर योद्धाओं के अद्वितीय योगदान को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।

Exit mobile version