Site icon Dainik Savera Times

Middle East में चल रहे तनाव को लेकर CM MANN ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- घबराने की जरूरत नहीं… 12-13 दिनों का स्टॉक है

CM Bhagwant Mann

CM Bhagwant Mann

पंजाब डेस्कः मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और युद्ध जैसी स्थिति को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि अंतरराष्ट्रीय हालात चाहे जैसे भी हों, राज्य में किसी तरह की कमी नहीं है और घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। सीएम मान ने बताया कि पंजाब में फिलहाल ईंधन का अच्छा-खासा स्टॉक मौजूद है। पेट्रोल का लगभग 12 दिन का स्टॉक है। डीजल का करीब 14 दिन का स्टॉक है। एलपीजी (गैस) का करीब 6 दिन का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह कोई नई स्थिति नहीं है, बल्कि पहले भी राज्य में आमतौर पर इतना ही स्टॉक रहता था। दो महीने पहले भी यही स्थिति थी। इसलिए लोगों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

अफवाहों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से खास अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि डर और घबराहट की वजह से लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल, डीजल और गैस खरीद रहे हैं, जिससे बाजार में अनावश्यक दबाव बन रहा है। पहले लोग एक LPG सिलेंडर लेते थे, अब दो लेने लगे हैं। पेट्रोल पंपों पर भी लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है, इसलिए लोगों को समझदारी से काम लेना चाहिए।

कालाबाजारी पर सख्ती
सरकार ने कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। अब तक 341 LPG सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। सीएम ने कहा कि जो भी लोग गलत तरीके से मुनाफा कमाने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

केंद्र सरकार और विदेश नीति पर सवाल
भगवंत मान ने बताया कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक वर्चुअल मीटिंग भी हुई थी। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या भारत को अब यह भी बाहर के देशों से तय करवाना पड़ेगा कि वह रूस से तेल खरीदे या नहीं? हम “विश्व गुरु” बनने की बात करते थे, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि हम दूसरों पर निर्भर हो रहे हैं।

मीडिया के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
सीएम मान ने बताया कि सही और समय पर जानकारी देने के लिए सरकार ने एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना। गलत खबरों और अफवाहों को रोकना। किसी भी तरह की घबराहट की स्थिति से बचना।

 

Exit mobile version