Site icon Dainik Savera Times

CM भगवंत मान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, 350वें शहीदी पर्व का दिया न्योता

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की। इसी के साथ ही मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी पर्व में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह ऐतिहासिक पर्व देशभर में शौर्य और बलिदान की भावना को जीवित रखने का माध्यम है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 28 अक्टूबर को सीएम आवास में सुबह 10 बजे कैबिनेट की विशेष बैठक बुलाई है। बता दें कि इस अहम बैठक में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को बड़े पैमाने पर मनाने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। कैबिनेट में आनंदपुर साहिब में विशेष विधानसभा सत्र बुलाने और प्रदेश में 24वां जिला बनाने जैसे मुद्दों पर भी निर्णय लिया जा सकता है।

दिल्ली में शुरू हुए समारोह

शहीदी दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत 25 अक्टूबर को दिल्ली के गुरुद्वारा सीस गंज साहिब में अरदास के साथ हुई। आनंदपुर साहिब में पहली बार गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं और शहादत पर आधारित विशेष शो का आयोजन किया जाएगा। अनुमान है कि रोजाना लगभग 11 हजार श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट सिटी भी स्थापित की जा रही है।

अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रण

इस श्रृंखला में पंजाब के मंत्रियों ने विभिन्न राज्यों का दौरा कर मुख्यमंत्री स्तर पर आमंत्रण दिया। वित्त मंत्री हरपाल चीमा और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक्क भुवनेश्वर पहुंचे और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से भेंट की। वहीं उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां गोवा पहुंचे और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को शहीदी समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में DU छात्रा पर फेंका गया तेज़ाब, राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट

मंत्रियों ने समारोहों के महत्व पर जोर दिया

ओडिशा में मंत्री चीमा ने कहा कि यह आयोजन गुरु साहिब की धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए दी गई अद्वितीय कुर्बानी को याद करने का अवसर है। मंत्री कटारूचक्क ने अंतरराज्यीय सहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसे पूरे देश की साझा श्रद्धांजलि बताया। गोवा में मंत्री अरोड़ा और खुड्डियां ने मुख्यमंत्री सावंत को समारोहों की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि ये कार्यक्रम गुरु जी के जीवन और बलिदान से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित होंगे।

Exit mobile version