Site icon Dainik Savera Times

सीएम मान ने विरोधी पार्टियों को लिया आड़े हाथ, कहा- मैं कहीं नहीं जा रहा, रोज झूठी अफवाहें फैल रही; इन पर विश्वास न करें

CM Mann: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बहुत ही तीखे सुर में विरोधी पार्टियों ‘भाजपा तथा शिरोमणि अकाली दल’ पर हमले किए और स्पष्ट कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और जो लोग इसके बारे में अफवाहें फैला रहे हैं, वह लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। मान ने कहा कि कुछ यूट्यूब चैनलों पर अपने आप को राजनीतिक विद्वान समझने वाले लोग रोज उनके खिलाफ लम्बे-लम्बे भाषण देते हैं और जो उनके मन में आता है, वह कहते हैं।

उनका खून भी जलकर काले रंग का हो गया है, क्योंकि उनके अंदर नैगेटिव विचार इतने हावी हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं कहीं नहीं जा रहा, इसके बारे में हमारी पार्टी के कन्वीनर अरविंद केजरीवाल भी स्पष्ट कर चुके हैं। हमारी पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं, जो लोग मेरे बारे झूठी अफवाहें फैला रहे हैं, उनको लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 फरवरी को अरविंद केजरीवाल अमृतसर आए थे और उनको भी एक सवाल पूछा गया था, कि क्या भगवंत मान को बदला जा रहा है। तब केजरीवाल ने श्री दरबार साहिब अमृतसर के नजदीक खड़े होकर स्पष्ट कह दिया था कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि यूट्यूबर सुबह ही कैमरे के सामने बैठ जाते हैं और गलत-मलत बयानबाजी शुरू कर देते हैं। ऐसे फेसबुकिए बुद्धिजीवियों से बच कर रहना चाहिए।

भगवंत मान ने कहा कि हमारी पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। हमारी पार्टी संघर्ष से निकली हुई पार्टी है। इसके लिए केजरीवाल ने शूगर का मरीज होने के बावजूद भी 25 दिन भूख-हड़ताल की थी और अब यह पार्टी भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक बड़ी लहर बन
चुकी है।

बिट्टू से क्या बहस करूं; केंद्र से हम भीख नहीं अपना हक मांग रहे
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू पर राजनीतिक हमला बोलते हुए भगवंत मान ने कहा कि क्या अब मैं बिट्टू के साथ डिबेट करूं। उनको तो रेलवे मंत्रलय में कोई पूछता नहीं। वह एक बेअसर विभाग का मंत्री है। मैं उसको दूरी में एक रेलवे ओवर ब्रिज बनाने के लिए कहा था, वह ब्रिज नहीं बना सका। फिर मैं उसको बोला कि आप कैसे मंत्री हैं। बिट्टू तो सिर्फ रेलवे स्टेशन पर कोल्ड ड्रिंक्स बांटने वाली मशीन लगवा सकता है। बीजेपी वाले ऐसे लोगों को ऐसे मंत्रलय ही देते हैं और इनकी परवाह नहीं करते, क्योंकि वह जानते हैं कि वह जिस पार्टी को छोड़कर आए हैं, उसके वफादार नहीं बने, तो हमारे वफादार कैसे बन सकते हैं। शिरोमणि अकाली दल पर सीधे तौर पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोग अपनी जेब से पैसे बाढ़ पीड़ितों को नहीं दे रहे। यह तो गोल्क का पैसा है, उसको बांट रहे हैं और खुद अपना नाम चमका रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केंद्र सरकार से कोई भीख नहीं मांग रहे, हमारा तो अपना ही पैसा दे दें और हमारा उससे ही काम चल जाएगा।

Exit mobile version