Site icon Dainik Savera Times

CM MANN के दौरे से पहले बड़ी वारदात, मिठाई की दुकान पर बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

firing phagwara

firing phagwara

पंजाब डेस्क। जालंधर के पड़ोसी जिले फगवाड़ा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होशियारपुर रोड स्थित सुधीर स्वीट शॉप पर सुबह-सुबह गोलियां चलाई गईं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:45 बजे दुकान खुलने के केवल 15 मिनट बाद ही अज्ञात हमलावर मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं और इसके बाद मौके से फरार हो गए। इस फायरिंग की घटना में किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। दुकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार से मुलाकात की और पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं आम लोगों में डर पैदा कर रही हैं।

 

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

 

तीन युवकों ने एक्टिवा पर आकर दिया वारदात को अंजाम
मामले की जानकारी देते हुए एसपी माधवी शर्मा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक्टिवा पर सवार तीन युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि दुकान के मैनेजर के बयानों के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

 

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
एसपी माधवी शर्मा ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

फिरौती से जुड़ा हो सकता है मामला!
सूत्रों के अनुसार, हमलावर जाते समय एक पर्ची भी फेंककर गए हैं। ऐसे में इस फायरिंग की घटना को फिरौती से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद दुकानदार ने मीडिया से बयान देने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि दुकानदार और कर्मचारियों से पूछताछ जारी है।

 

CM मान के दौरे के दिन हुई घटना
खास बात यह है कि आज लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में मुख्यमंत्री भगवंत मान का दौरा है। ऐसे में सुबह-सुबह फायरिंग की घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version