Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं को CM मान की बड़ी राहत, ₹518 करोड़ के बिल किए माफ

चंडीगढ़: पंजाब के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए पंजाब सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बिजली बिलों के बकाया भुगतान को लेकर वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगी पेनल्टी और ब्याज माफ किया जाएगा।

उपभोक्ताओं को अब केवल बिजली बिल की मूल राशि जमा करवानी होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना से पंजाब के करीब 24 लाख 86 हजार घरेलू उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। सरकार कुल 2,516 करोड़ रुपये के बकाये में से 518 करोड़ रुपये माफ करेगी।

45 दिन तक मिलेगा योजना का लाभ

सीएम भगवंत मान ने बताया कि OTS योजना 45 दिनों तक लागू रहेगी। इसके तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों को शामिल किया जाएगा।

जिन उपभोक्ताओं के बिल समय पर जमा नहीं हुए और उन पर ब्याज व जुर्माना लग गया, उन्हें अब इन अतिरिक्त शुल्कों से राहत मिलेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को केवल मूलधन का भुगतान करना होगा।

किस्तों में जमा करवा सकते हैं रकम

सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए भुगतान का विकल्प भी दिया है। पूरी बकाया मूल राशि एक साथ जमा कराने की जरूरत नहीं होगी।

पहली किस्त: कुल मूल बकाया राशि का 25% शुरुआत में जमा करना होगा।

दूसरी किस्त: बची हुई 75% राशि की पहली किस्त 6 महीने बाद देनी होगी।

तीसरी किस्त: बाकी राशि का भुगतान अगले 6 महीने में करना होगा।

इस व्यवस्था से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को एकमुश्त भुगतान का बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।

गांव और शहर दोनों जगह के उपभोक्ताओं को फायदा

सीएम मान ने स्पष्ट किया कि OTS योजना का लाभ केवल शहरी इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा। गांवों और शहरों, दोनों जगह रहने वाले पात्र घरेलू उपभोक्ता इसका फायदा उठा सकेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब में पहले से ही 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है। इस सीमा से संबंधित पुराने बकाया रखने वाले पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को भी नई योजना के तहत राहत मिलेगी।

Exit mobile version