Site icon Dainik Savera Times

CM Mann 4 दिसंबर को कपूरथला और 5 को गांव इब्राहिमवाल में करेंगे लोक मिलनी कार्यक्रम

कपूरथला : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करने और उनकी शिकायतें सुनने के उद्देश्य से 4 दिसंबर को कपूरथला शहर तथा 5 दिसंबर को नडाला-बेगोवाल सड़क पर स्थित गांव इब्राहिमवाल में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरों को ध्यान में रखते हुए डीसी आकाश बांसल और एसएसपी गौरव तूरा ने आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष दलजीत राजू, हलका इंचार्ज दविंदर पाल सिंह रंगा, चेयरमैन कंवर इकबाल सिंह, परविंदर सिंह ढोट और अन्य नेताओं के साथ शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

इस दौरान डीसी और एसएसपी ने दोनों कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए किए जाने वाले आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने मीटिंग की व्यवस्था, यातायात के सुचारू संचालन, सुरक्षा प्रबंधों, पार्किंग सुविधाओं और अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर विचार-विमर्श किया। डीसी और एसएसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि दोनों कार्यक्रमों के लिए पहले से ही व्यापक और पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

 

उन्होंने जोर दिया कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि लोक मिलनी कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आम लोगों की सुविधा के लिए किए जाने वाले प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जाए और दोनों कार्यक्रमों को सुचारू एवं बिना किसी बाधा के संपन्न करवाया जाए।

Exit mobile version